हरियाणा; सिरसा। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री व इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि प्रदेश की वर्तमान सरकार लुटेरों की सरकार है और पूरी तरह से भ्रष्टाचार में लिप्त है। कुछ समय बाद यह सरकार स्वयं अपने बोझ से ही गिर जाएगी। वे बुधवार को अनाजमंडी में आयोजित कार्यकर्ता मिलन सम्मेलन में बतौर मुख्यातिथि पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में कांग्रेस ने एक योजनाबद्ध तरीके से एक षड्यंत्र के तहत उन्हें 3206 युवाओं को नौकरी देने के मामले में जेल भेजा गया। अदालत के आदेश पर उन्होंने जेल की सजा पूरी की, मगर उस दौर में
कांग्रेस व अन्य राजनीतिक दलों ने यह समझा कि इनेलो अब पूरी तरह से खत्म हो जाएगी मगर इनेलो अपने कार्यकर्ताओं के बल पर पहले से भी अधिक मजबूती से उभरी है। उन्होंने तमाम कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी संगठन को पहले से भी अधिक मजबूत बनाने के लिए पार्टी की नीतियों को जन जन तक पहुंचाएं और ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों को पार्टी से जोड़ें। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता किसी कारण से पार्टी छोड़कर चले गए हैं,
उन्हें मनाकर वापिस इनेलो में लाएं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश में सरकार इनेलो की बनेगी क्योंकि यही जनता की आवाज है और जनता की आवाज परमात्मा की आवाज होती है। उन्होंने कहा कि इनेलो चौधरी देवीलाल द्वारा लगाया गया वृक्ष है मगर समय के साथ कुछ स्वार्थी किस्म के लोगों
ने इस वृक्ष के फल खाए हैं। उन्होंने कहा कि इनेलो से पूर्व और बाद की सरकारों ने प्रदेश के खजाने को लूटा है। इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि इनेलो
का प्रत्येक कार्यकर्ता चौधरी देवीलाल के सपनों को साकार करेंगे और इनेलो की सत्ता बनने पर हर व्यक्ति के लिए घर व रोटी का इंतजाम करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता की खुशहाली इनेलो के सत्तासीन होने पर ही होगी। उन्होंने कहा कि आज पूरे प्रदेश पर 2 लाख 50 हजार करोड़ का कर्ज है और इसलिए कर्मचारियों को वेतन देने में दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि आज देश प्रदेश के राजनीतिक हालात खराब हैं और सरकार ने कोई भी जनहित का कार्य नहीं किया है। सीएम विंडो पर भी जनता की कोई सुनवाई नहीं होती। उन्होंने कहा कि इनेलो के सत्तासीन होने पर प्रदेश के योग्य युवाओं को रोजगार दिया जाएगा, फिर चाहे इसके लिए उन्हें फांसी ही क्यों न हो। इस अवसर पर डबवाली से पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष ममता मिढा के प्रयासों से आधा दर्जन से अधिक महिलाएं इनेलो में शामिल हुई। इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि इनेलो का प्रदेशभर में ग्राफ दिनोंदिन बढ़ रहा है। इस अवसर पर सिरसा के प्रभारी कर्ण चौटाला, इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी, पूर्व मंत्री भागीराम, इनेलो जिलाध्यक्ष कश्मीर सिंह करीवाला,पूर्व विधायक डॉ. सीताराम, जसवीर सिंह जस्सा, महंत बलदेवदास, विनोद बेनीवाल, रमेश मेहता एडवोकेट, कृष्णा फौगाट, महावीर शर्मा, विनोद अरोड़ा, अभय सिंह खोड, गुरविंद्र सिंह सरपंच, सुभाष नैन, प्रदीप मेहता, मनोहर मेहता, गुरदयाल मेहता, रंधीर जोधकां, विनोद दड़बी, नरेंद्र मेहता, मधु चौहान, अंगूरी वर्मा, रानी रावत, सरोज वर्मा, सावित्री देवी, ममता सैनी, सुशीला शर्मा, विमला भाकर, मंदर ओढां, धर्मवीर नैन, कृष्ण झोरड़, भगवान कोटली, आत्माराम सरपंच, विरेंद्र न्यौल, मुकेश रोहिल्ला व श्याम इंदौरा सहित अनेक पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।