UNA NEWS
HARYANA BUREAU
सिरसा।। (सतीश बंसल)
ऑल हरियाणा पावर कारपोरेशन वर्कर यूनियन सम्बंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की यूनिट डबवाली की मीटिंग जसविंदर सिंह उप प्रधान की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। मीटिंग का संचालन यूनिट सचिव विनोद कुमार ने किया। मीटिंग में सभी कर्मचारियों ने भाग लिया। सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय केमेटी सदस्य सुभाष ढाल ने कहा कि संगठन द्वारा काफी संघर्ष के बाद कच्चे कर्मचारियों का अनुभव के आधार पर वेतनमान लागू करवाया था, लेकिन आज तक इन कर्मचारियों को अप्रैल, मई, जून 2021 के बकाया बढ़ा हुआ वेतन नहीं मिला है, जिस कारण इन कर्मचारियों में रोष है। इसके लिये कई बार उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन केवल आश्वासन के सिवाय कुछ भी हासिल नहीं हुआ है। इसलिए पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार से कार्यालय पर अनिश्चित कालीन धरना दिया जाएगा। इसके साथ-साथ सभी कर्मचारी 28-29 मार्च 2022 की राष्ट्र व्यापी हड़ताल में शामिल होकर किसान, मजदूर, कर्मचारी विरोधी नीतियों का पुरजोर विरोध करेंगे। इस मीटिंग में रामकिशन, राहुल शर्मा, नोमिश बिश्नोई, हरमंदर, राजकरण, जगदीश लाल, दया राम, विनोद सहित कर्मचारी नेताओं ने भाग लिया।